Monkeypox: मंकीपॉक्स पर केंद्र अलर्ट, PM मोदी के सचिव ने ली बैठक

Monkeypox: विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा मंकीपॉक्स को लेकर चेतावनी जारी करने के बाद भारत सरकार सतर्क हो गई है। PM मोदी के प्रधान सचिव PK मिश्रा ने इस मुद्दे पर उच्च स्तरीय बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सावधानी बरतने के लिए सचेत किया और तैयारियों की समीक्षा की। अफ्रीकी देशों में मंकीपॉक्स तेजी से फैल रहा है। इन मामलों की संख्या 18,737 तक पहुंच गई है जो पूरी दुनिया के लिए चिंताजनक है।
नीति के सदस्य डॉ. वीके पॉल, सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) अपूर्व चंद्रा, सचिव (स्वास्थ्य अनुसंधान) डॉ. राजीव बहल, सदस्य सचिव (राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण) कृष्ण एस वत्स, सचिव (सूचना एवं प्रसारण) संजय जाजू और मनोनीत गृह सचिव गोविंद मोहन तथा अन्य मंत्रालयों के अधिकारियों ने बैठक में हिस्सा लिया।
डब्ल्यूएचओ के एक बयान के अनुसार, 2022 से वैश्विक स्तर पर 116 देशों से एमपॉक्स के कारण 99,176 मामले और 208 मौतें दर्ज की गई थीं। संगठन ने बताया कि कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में एमपॉक्स के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले साल, रिपोर्ट किए गए मामलों में काफी वृद्धि हुई और इस साल अब तक दर्ज किए गए मामलों की संख्या पिछले साल की कुल संख्या से अधिक हो गई है, जिसमें 15,600 से अधिक मामले और 537 मौतें शामिल हैं।