Chandigarh EV Policy: दोपहिया वाहन खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर! बस 371 वाहनों के और होंगे रजिस्ट्रेशन, देखें पूरी खबर
Oct 25, 2023, 10:40 IST

Chandigarh EV Policy : चंडीगढ़ में इलेक्ट्रिक पॉलिसी के तहत कैंपिंग के कारण जल्द ही दोपहिया वाहनों का रजिस्ट्रेशन बंद हो जाएगा। अगर दोबारा से छूट नहीं मिलती है तो दिवाली पर लोग दोपहिया वाहन नहीं खरीद पाएंगे। प्रशासक ने पिछले हफ्ते 1600 फ्यूल बेस्ड दोपहिया वाहनों के रजिस्ट्रेशन की छूट दी थी। दशहरा तक ही 1229 दोपहिया वाहन बिक चुके हैं। अब सिर्फ 371 का कोटा बाकी रह गया है। प्रशासन ने सितंबर 2022 में इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी की घोषणा की थी। इसमें 5 साल के लिए लक्ष्य तय किए थे, लेकिन प्रशासन ने कैंपिंग बहुत सख्त कर दी। इसके बाद 3 जुलाई को पहली बार संशोधन किया गया और फ्यूल बेस्ड दोपहिया वाहनों के कोटे को ढाई गुना बढ़ा दिया। हालांकि यह कोटा भी जल्द ही खत्म हो गया और 18 अक्टूबर को दूसरी बार इसमें संशोधन करना पड़ा। अगर तीसरी बार इसमें संशोधन नहीं किया गया तो 31 मार्च 2024 तक फिर से दोपहिया वाहनों का रजिस्ट्रेशन बंद रहेगा। चंडीगढ़ में त्योहारों के सीजन में लोग दोपहिया वाहन खरीद रहे हैं। पिछले दिनों प्रशासक ने 18 अक्टूबर शाम को 1600 वाहनों के रजिस्ट्रेशन के लिए छूट दी थी। पिछले करीब 6 दिन में 1229 दोपहिया वाहन बिके हैं। इस हिसाब से औसतन 200 वाहन प्रतिदिन चंडीगढ़ में बिक रहे हैं। अब सिर्फ 371 वाहनों का कोटा बकाया है। इस हिसाब से यह कोटा अगले दो दिनों में पूरा हो जाएगा। चंडीगढ़ के कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने इस मुद्दे को लेकर चंडीगढ़ सिविल सेक्रेट्रिएट सेक्टर-9 के बाहर धरना दिया था। इसके बाद उसी दिन 18 अक्टूबर को चंडीगढ़ प्रशासन ने इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी के तहत 1600 वाहनों को छूट दे दी थी। वहीं अगले दिन बीजेपी के नेता चंडीगढ़ के मेयर अनूप गुप्ता के साथ गवर्नर बनवारी लाल पुरोहित से मिले थे। उन्होंने आगे भी छूट का आश्वासन दिया था।