Resident Doctors of Delhi AIIMS: मरीजों को सबसे बड़ी राहत, काम पर लौटेंगे देश भर के डॉक्टर

Resident Doctors of Delhi AIIMS: डॉक्टरों से काम पर वापस लौटने की सुप्रीम कोर्ट की अपील का असर देखने को मिला है। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन यानी FAIMA ने पूरे देश में हड़ताल खत्म करने का एलान कर दिया है।
FAIMA ने देश भर के डॉक्टरों को हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने को कहा है। हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई थीं। अस्पतालों में मरीजों की लंबी लाइनें लगी थीं, लेकिन उन्हें इलाज नहीं मिल पा रहा था।
एम्स के रेजिडेंट डॉक्टरों ने 12 अगस्त को अस्पतालों में हड़ताल शुरू की थी। तब से अब तक लगातार ओपीडी और नियमित सर्जरी सेवाएं प्रभावित हैं। बताया जा रहा है कि अस्पतालों में रेजिडेंट डॉक्टरों के इतने दिनों तक की लंबी हड़ताल के कारण दिल्ली में अब तक दस हजार से अधिक मरीजों की नियमित सर्जरी टल चुकी थी। 11 दिनों की हड़ताल में दो दिन अवकाश रहा है।
वहीं सुप्रीम कोर्ट के आश्वासन के बाद द्वारका स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल के रेजिडेंट्स डॉक्टर्स एसोसिएशन ने भी 11 दिन के हड़ताल को खत्म करने की घोषणा की। सभी डॉक्टर अपने काम पर लौट आए हैं।