Paris Olympics: रुको जरा आ रहा है गोल्ड! मीराबाई चानू दिलाएंगी, जानें कब-कहां देखें ये मुकाबला?
Mirabai Chanu Paris Olympics: पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए बुधवार का दिन दिल तोड़ने वाली खबर लेकर आया। भारत की स्टार रेसलर विनेश फोगाट 50 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल से पहले ही अयोग्य करार दे दी गईं। उनका 100 ग्राम वजन कम आया। इससे वह मेडल के बेहद करीब आकर चूक गईं। अब भारत की स्टार एथलीट मीराबाई चानू से करोड़ों देशवासियों को उम्मीदें हैं।
मीराबाई चानू टोक्यो ओलंपिक्स में सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं। मीराबाई ने क्लीन एंड जर्क में 119 किग्रा के साथ ओलंपिक रिकॉर्ड हासिल कर कुल 202 किग्रा वजन उठाया था। उनसे इस बार गोल्ड की उम्मीद की जा रही है। वह आज रात एक्शन में होंगी। आइए जानते हैं कि उनका मुकाबला कब होगा और इसे कहां देखा जा सकेगा।
कहां देख सकेंगे मीराबाई चानू का मुकाबला?
मीराबाई चानू 49 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग में हिस्सा लेंगी। वह रात भारतीय समयानुसार, रात 11 बजे से मुकाबला खेलेंगी। मीराबाई चानू के मुकाबले का प्रसारण भारत में स्पोर्ट्स 18 नेटवर्क पर किया जाएगा। जबकि मोबाइल पर इसे जियो सिनेमा एप और वेबसाइट पर फ्री में लाइव देखा जा सकेगा।
वेटलिफ्टिंग में भारत की एकमात्र एथलीट
बता दें कि मीराबाई चानू को फुकेत में आयोजित IWF विश्व कप 2024 में ग्रुप बी में तीसरा स्थान मिला था। इसके जरिए उन्होंने पेरिस ओलंपिक का कोटा हासिल किया था। यह भारत का वेटलिफ्टिंग में एकमात्र कोटा है। मीराबाई ने इससे पहले 2023 ग्रैंड प्रिक्स II, 2022 विश्व और 2023 एशियाई चैंपियनशिप में भी हिस्सा लिया था। साल 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने कुल 201 किग्रा का वजन उठाया था।
6 गोल्ड जीत चुकी हैं मीराबाई चानू
मीराबाई ने 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीता था। वह इससे पहले 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड और 2014 में सिल्वर जीत चुकी हैं। वर्ल्ड चैंपियनशिप 2017 में उन्होंने गोल्ड पर कब्जा जमाया था। बोगोटा कोलंबिया में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप 2022 में वह सिल्वर जीत चुकी हैं। मीराबाई के पास कुल 11 इंटरनेशनल मेडल हैं। इसमें 6 गोल्ड, 4 सिल्वर और एक ब्रॉन्ज शामिल है।