{"vars":{"id": "116879:4841"}}

Kl ka Monsoon: पंजाब समेत इन 16 राज्यों में बारिश का अलर्ट, जानें आपके शहर में कब बरसेंगे बादल

 

IMD Rain Alert : देश के अधिकांश राज्यों में मानसून का असर देखने को मिल रहा है। कहीं कम बारिश हो रही है तो कई ज्यादा। असम में बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है, जबकि हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बरसात से फ्लड का खतरा मंडरा रहा है। मैदानी इलाकों में जलभराव हो गया। इस बीच मौसम विभाग ने भीषण बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं कि कहां जमकर बरसेंगे बादल?

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर पश्चिम, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में अगले 4-5 दिनों तक भारी से बहुत भारी बरसात होने की संभावना है। इस दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में गरज और आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। इस वक्त अधिकतर राज्यों में बारिश हो रही है।

यहां जमकर बरसेंगे बादल

दिल्ली एनसीआर में आज भी बूदाबांदी हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। यहां अगले 4-5 दिनों तक आसमान में काले बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर बरसात भी होगी। यूपी और बिहार में शुक्रवार को भी जमकर बादल बरसेंगे। पश्चिम बंगाल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और सिक्किम में 6 जुलाई तक, उत्तराखंड में 7 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कर्नाटक के कई जिलों में 7 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। पंजाब, गुजरात, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में कल बारिश हो सकती है।

पिछले 24 घंटों में इन राज्यों में हुई बरसात

दिल्ली एनसीआर और पूर्वी यूपी में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश हुई। अरुणाचल प्रदेश, कर्नाटक, कोंकण, गोवा, केरल, माहे और मध्य महाराष्ट्र में जमकर बादल बरसे हैं।

कश्मीर-लद्दाख में कब आएगा मानसून?

आईएमडी लेह के वैज्ञानिक सोनम लोटस ने बताया कि कश्मीर और लद्दाख में अभी भी आसमान से आग के गोले बरस रहे हैं। लू ने लोगों को परेशान कर रखा है। श्रीनगर में बुधवार को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस था, जोकि सामान्य से 6 डिग्री अधिक था। कश्मीर और लद्दाख में शुक्रवार को मानसून दस्तक दे सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।