India AI Impact Summit 2026: पीएम मोदी पहुंचे AI समिट, जियो के हेल्थ से होम तक के AI मॉडल्स चर्चा में
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरकत की। उन्होंने विभिन्न एआई स्टॉल का निरीक्षण किया और जियो के एआई पवेलियन में आकाश अंबानी से मुलाकात की। इस दौरान जियो इंटेलिजेंस, जियो संस्कृति AI, जियो आरोग्य AI, जियो शिक्षा और जियो AI होम जैसे मॉडलों की जानकारी दी गई, जिनका उद्देश्य तकनीक को आम लोगों तक पहुंचाना है।
India AI Impact Summit 2026: राजधानी नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। कार्यक्रम के उद्घाटन दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समिट में भाग लिया और प्रदर्शनी क्षेत्र में लगाए गए विभिन्न आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टॉल का विस्तृत अवलोकन किया। इसी क्रम में उन्होंने जियो के एआई पवेलियन का भी दौरा किया, जहां रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड के चेयरमैन आकाश अंबानी ने उनका स्वागत किया और कंपनी द्वारा विकसित उन्नत एआई समाधानों की प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री को जियो इंटेलिजेंस, जियो संस्कृति AI, जियो आरोग्य AI, जियो शिक्षा तथा जियो AI होम जैसे प्रमुख मॉडलों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। आकाश अंबानी ने बताया कि इन मॉडलों को भारतीय भाषाओं में डिजिटल कंटेंट की उपलब्धता बढ़ाने, सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने, स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने, शिक्षा क्षेत्र को तकनीकी रूप से सशक्त करने और स्मार्ट होम सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
रिलायंस समूह के चेयरमैन मुकेश अंबानी की सोच का उल्लेख करते हुए यह भी बताया गया कि किसी भी नई तकनीक का वास्तविक प्रभाव तभी दिखाई देता है जब उसका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। इसी दृष्टिकोण के तहत जियो ‘AI फॉर ऑल’ की अवधारणा पर कार्य कर रहा है, ताकि अत्याधुनिक तकनीक को व्यापक स्तर पर आम नागरिकों तक पहुंचाया जा सके।
नई दिल्ली में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय समिट में देश और विदेश की कई प्रमुख टेक कंपनियां, तकनीकी विशेषज्ञ, नीति-निर्माता और विभिन्न देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। यह मंच भारत में एआई इकोसिस्टम को मजबूत करने और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



